Geography

Category: अभ्यास के सभी प्रश्नोत्तर (कक्षा 9)

यहाँ आप भूगोल (कक्षा 9) की अपनी पुस्तक के सभी अध्यायों मे पूछे गए अभ्यास के प्रश्न(उत्तर सहित) देख सकते हैं |

  • अध्याय 6- जनसंख्या

    अभ्यास के सभी प्रश्नोत्तर

    1. निम्नलिखित प्रश्नों के सही उत्तर चुनिए –
    (i)1. निम्नलिखित में से किस क्षेत्र में प्रवास आबादी की संख्या, वितरण एवं संरचना में परिवर्तन लाता है
    (क) प्रस्थान करने वाले क्षेत्र में
    (ख) आगमन वाले क्षेत्र में
    (ग) प्रस्थान एवं आगमन दोनों क्षेत्रों में
    (घ) इनमें से कोई नही

    उत्तर-(ग) प्रस्थान एवं आगमन दोनों क्षेत्रों में

    (ii).  जनसंख्या में बच्चों का बहुत बड़ा अनुपात निम्नलिखित में से किसका परिणाम है
    (क) उच्च जन्म दर
    (ख) उच्च मृत्यु दर
    (ग) उच्च जीवन दर
    (घ) अधिक विवाहित जोड़े

    उत्तर-(क) उच्च जन्म दर

    (iii). निम्नलिखित में से कौन-सा एक जनसंख्या वृद्धि का परिमाण दर्शाता है
    (क) एक क्षेत्र की कुल जनसंख्या
    (ख)  प्रत्येक वर्ष लोगों की संख्या में होने वाली वृद्धि
    (ग)  जनसंख्या वृद्धि की दर
    (घ)  प्रति हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या

    उत्तर-(ख)  प्रत्येक वर्ष लोगों की संख्या में होने वाली वृद्धि

    (iv).  2011 की जनगणना के अनुसार एक साक्षर व्यक्ति वह है
    (क) जो अपने नाम को पढ़ व लिख सकता है
    (ख) जो किसी भी भाषा में पढ़ एवं लिख सकता है
    (ग) जिसकी उम्र 7 वर्ष है तथा वह किसी भी भाषा को समझ के साथ पढ़ एवं लिख सकता है
    (घ) जो पढ़ना-लिखना एवं अंकगणित, तीनों जानता है

    उत्तर- (ग) जिसकी उम्र 7 वर्ष है तथा वह किसी भी भाषा को समझ के साथ पढ़ एवं लिख सकता है।

    2. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर संक्षेप में दें।
    (I) जनसंख्या वृद्धि के महत्वपूर्ण घटकों की व्याख्या करें।

    उत्तर-जनसंख्या वृद्धि के तीन महत्वपूर्ण घटक है-
    1) जन्म दर-
    किसी एक वर्ष में प्रति हजार व्यक्तियों पर जीवित जन्मे बच्चों की संख्या को जन्म दर कहते हैं। यह जनसंख्या वृद्धि का महत्वपूर्ण घटक है। 
    2) मृत्यु दर-
    किसी एक वर्ष में प्रति हजार व्यक्तियों पर मरने वाले लोगों की संख्या को मृत्यु दर कहते हैं। इससे जनसंख्या में कमी आती है।
    3) प्रवास–
    लोगों का एक स्थान छोड़कर दूसरे स्थान पर आकर बसना प्रवास कहलाता है। यह आगमन तथा प्रस्थान दोनों क्षेत्रों की जनसंख्या वृद्धि को प्रभावित करता है।

    (ii) 1981 से भारत की जनसंख्या वृद्धि दर क्यों घट रही है?

    उत्तर-भारत में 1951 से 1981 के बीच जनसंख्या वृद्धि दर तेज रही किंतु 1981 के बाद से जनसंख्या वृद्धि दर घटी है जिसके कई कारण है-
    1) जन्म दर में कमी आना
    2) साक्षरता एवं जागरूकता में वृद्धि होना
    3) परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता

    (iii) आयु संरचना, जन्म दर एवं मृत्यु दर को परिभाषित करें।

    उत्तर-1)आयु संरचना–
    किसी देश में जनसंख्या की आयु संरचना से तात्पर्य वहां विभिन्न आयु समूहों में लोगों की संख्या है। इसके आधार पर जनसंख्या को तीन मुख्य वर्गों
    (क) बच्चे- 15 वर्ष से कम
    (ख) वयस्क -15 से 59 वर्ष
    (ग) वृद्ध- 59 वर्ष से अधिक आयु ; में बाँटा जाता है। आयु संरचना देश के सामाजिक तथा आर्थिक विकास को प्रभावित करती है।
    2) जन्म दर–
    किसी एक वर्ष में प्रति हजार व्यक्तियों पर जीवित जन्मे बच्चों की संख्या को जन्म दर कहते हैं। यह जनसंख्या वृद्धि का महत्वपूर्ण घटक है।
    3)मृत्यु दर–
    किसी एक वर्ष में प्रति हजार व्यक्तियों पर मरने वाले लोगों की संख्या को मृत्यु दर कहते हैं। इससे जनसंख्या में कमी आती है।

    (iv) प्रवास, जनसंख्या परिवर्तन का एक कारक।

    उत्तर-लोगों का एक स्थान छोड़कर दूसरे स्थान पर जाकर बसना प्रवास कहलाता है। जब प्रवास किसी देश के अंदर होता है तो इसे आंतरिक प्रवास कहते हैं। किसी एक देश से दूसरे देश में होने वाले प्रवास को अंतर्राष्ट्रीय प्रवास कहा जाता है।
    प्रवास जनसंख्या परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण घटक है यह न केवल जनसंख्या का आकार बल्कि आयु संरचना तथा लिंगानुपात की दृष्टि से ग्रामीण और नगरीय जनसंख्या को भी प्रभावित करता है। भारत में गांव से नगरों की ओर प्रवास से नगरों की आबादी नियमित रूप से बढ़ी है।

    3. जनसंख्या वृद्धि एवं जनसंख्या परिवर्तन के बीच अंतर स्पष्ट करें।

    उत्तर- जनसंख्या वृद्धि-
    किसी निश्चित समय अंतराल जैसे 10 वर्षों में में जनसंख्या के आकार में परिवर्तन। इसे सापेक्ष वृद्धि तथा निरपेक्ष वृद्धि के रूप में ज्ञात किया जाता है।
    जनसंख्या परिवर्तन-
    जनसंख्या एक परिवर्तनशील प्रक्रिया है जिससे आबादी के आकार, वितरण तथा संघटन में परिवर्तन आता है। जनसंख्या परिवर्तन सकारात्मक तथा नकारात्मक हो सकता है।
    जन्म, मृत्यु तथा प्रवास तीन महत्वपूर्ण घटक है जो जनसंख्या की वृद्धि एवं परिवर्तन को प्रभावित करते हैं।

    4.व्यावसायिक संरचना एवं विकास के बीच क्या संबंध है?

    उत्तर-व्यवसायों को आमतौर पर प्राथमिक, द्वितीयक तथा तृतीयक क्रियाकलापों में वर्गीकृत किया जाता है।विभिन्न प्रकार के व्यवसायों के अनुसार जनसंख्या का वर्गीकरण व्यवसायिक संरचना कहलाता है।किसी भी देश में भिन्न-भिन्न लोग अलग-अलग व्यवसाय/क्रियाकलाप से जुड़े होते हैं।
    आर्थिक रूप से क्रियाशील जनसंख्या का प्रतिशत विकास का एक महत्वपूर्ण सूचक होता है। विकसित और विकासशील देशों में विभिन्न क्रियाकलापों में कार्यरत लोगों का प्रतिशत अलग-अलग मिलता है। विकसित देशों में द्वितीयक तथा तृतीयक क्रियाकलापों में लोग अधिक कार्यरत होते हैं। जबकि विकासशील देशों में जनसंख्या का काफी बड़ा भाग प्राथमिक क्रियाकलापों में कार्यरत होता है।

    5. स्वास्थ्य जनसंख्या कैसे लाभकारी है?

    उत्तर -स्वास्थ्य जनसंख्या की संरचना का एक महत्वपूर्ण घटक है जो देश के विकास की प्रक्रिया को प्रभावित करता है। किसी भी देश के शिक्षित तथा स्वस्थ लोग वहाँ के एक बहुमूल्य संसाधन होते हैं। लोग यदि स्वस्थ रहेंगे तो इलाज तथा दवाइयों पर होने वाले खर्चें कम होंगे और लोगों की उत्पादकता भी अधिक होगी। धन,समय तथा शक्ति बचती है जिससे देश और अधिक उन्नति करता है। इसलिए लोगों का शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होना किसी भी देश के लिए वरदान से कम नहीं है।

    6. राष्ट्रीय जनसंख्या नीति की मुख्य विशेषताएँ क्या है?

    उत्तर –राष्ट्रीय जनसंख्या नीति वर्ष 2000 में बनाई गई थी जिसकी मुख्य विशेषताएंँ निम्नलिखित है-
    1)14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करना।
    2) शिशु मृत्यु दर को 30 प्रति हजार से कम पर लाना।3) लड़कियों की शादी की उम्र को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देना।
    4) व्यापक स्तर पर टीकारोधी बीमारियों से बच्चों को छुटकारा दिलाना।
    5) परिवार नियोजन कार्यक्रम को एक जन केंद्रित कार्यक्रम बनाना।
    6) किशोर बालक- बालिकाओं के पोषण तथा स्वास्थ्य पर ध्यान देना।

You cannot copy content of this page