Geography

Category: कक्षा 10

यहाँ आपकी कक्षा के भूगोल विषय से संबंधित उच्च स्तरीय अध्ययन सामग्री उपलब्ध है |आपकी अपनी हिन्दी भाषा में |घर बैठे अध्ययन का लाभ उठायें |

  • अध्याय 7-राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएँ

    अभ्यास के सभी प्रश्नोत्तर

    1. निम्नलिखित प्रश्नों के सही उत्तर चुनिए –
    (i).  निम्न में से कौन-से दो दूरस्थ स्थित स्थान पूर्वी- पश्चिमी गलियारे से जुड़े हैं ?
    (क) मुंबई तथा नागपुर
    (ख) मुंबई और कोलकाता
    (ग) सिलचर तथा पोरबंदर
    (घ) नागपुर तथा सिलिगुड़ी

    उत्तर- (ग) सिलचर तथा पोरबंदर

    (ii). निम्नलिखित में से परिवहन का कौन- सा साधन वहनांतरण हानियों तथा देरी को घटाता है ?
    (क) रेल परिवहन
    (ख) पाइपलाइन
    (ग) सड़क परिवहन
    (घ) जल परिवहन

    उत्तर-(ख) पाइपलाइन

    (iii). निम्न में से कौन सा राज्य हजीरा- विजयपुर-जगदीशपुर पाइप लाइन से नहीं जुड़ा है ?
    (क) मध्य प्रदेश
    (ख) गुजरात
    (ग) महाराष्ट्र
    (घ) उत्तर प्रदेश

    उत्तर-(ग) महाराष्ट्

    (iv). इनमें  से कौन-सा पत्तन पूर्वी तट पर स्थित है जो अंतः स्थलीय तथा अधिकतम गहराई का पत्तन है तथा पूर्ण सुरक्षित है ?
    (क) चेन्नई
    (ख) तूतीकोरिन
    (ग) पारादीप
    (घ)  विशाखापट्नम

    उत्तर-(घ)  विशाखापट्नम

    (v) निम्न में से कौन-सा परिवहन साधन भारत में प्रमुख साधन है ?
    (क) पाइपलाइन
    (ख) सड़क परिवहन
    (ग) रेल परिवहन
    (घ) वायु परिवहन

    उत्तर-(ख) सड़क परिवहन

    (vi) निम्न में से कौन-सा शब्द दो या अधिक देशों के व्यापार को दर्शाता है  ?
    (क) आंतरिक व्यापार
    (ख) बाहरी व्यापार
    (ग) अंतर्राष्ट्रीय व्यापार
    (घ) स्थानीय व्यापार

    उत्तर-(ग) अंतर्राष्ट्रीय व्यापार

    2. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 30 शब्दों में दीजिए।
    (I) सड़क परिवहन के तीन गुण बताएँ।

    उत्तर- सड़क परिवहन के गुण-
    (1) सड़क परिवहन घर से घर तक सेवाएँ उपलब्ध कराता है तथा सामान चढ़ाने-उतारने की लागत भी अपेक्षाकृत कम है।
    (2) कम व्यक्तियों, कम दूरी तथा कम वस्तुओं के परिवहन में सड़क परिवहन कम खर्चीला है।
    (3) ऊबड़-खाबड़ तथा पर्वतीय क्षेत्रों में भी सड़कें निर्मित की जा सकती है।
    (4) रेल परिवहन के मुकाबले सड़कों की निर्माण लागत बहुत कम है।


    (ii) रेल परिवहन कहाँ पर अत्यधिक सुविधाजनक साधन है तथा क्यों?

    उत्तर- मैदानी क्षेत्र विशेष रूप से भारत के उत्तरी मैदान क्षेत्र में रेल परिवहन काफी सुविधाजनक साधन है। यहाँ रेल परिवहन के अच्छे विकास के पीछे कई कारक उत्तरदायी हैं-
    (1) समतल भूमि (2) सघन जनसंख्या घनत्व (3) संपन्न कृषि एवं (4) प्रचुर संसाधन।


    (iii) सीमांत सड़कों का महत्त्व बताएँ।

    उत्तर- सीमांत क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण एवं रखरखाव भारत सरकार के अंतर्गत सीमा सड़क संगठन द्वारा किया जाता है। 1960 में स्थापित इस संगठन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण किया गया है।
    सीमांत सड़कों का महत्व- 
    (1) इन सड़कों के विकास से दुर्गम तथा दूर- दराज के क्षेत्रों में पहुँचना आसान हुआ है जिससे इन क्षेत्रों के आर्थिक विकास में भी मदद मिली है।
    (2) सीमावर्ती क्षेत्रों में इन सड़कों का सामरिक महत्व भी उल्लेखनीय है।
    (3) दूरदराज के तथा दुर्गम क्षेत्रों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने में इन सड़कों की भूमिका सराहनीय है।


    (iv) व्यापार से आप क्या समझते हैं? स्थानीय व अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में अंतर स्पष्ट करें।

    उत्तर- विभिन्न देशों, राज्यों या व्यक्तियों के बीच वस्तुओं का क्रय- विक्रय व्यापार कहलाता है।
    स्थानीय तथा अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में अंतर- विभिन्न देशों के बीच व्यापार अंतर्राष्ट्रीय व्यापार कहलाता है। यह समुद्री, हवाई व स्थलीय मार्गों द्वारा हो सकता है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को राष्ट्र का आर्थिक बैरोमीटर भी कहा जाता है।
        जबकि स्थानीय व्यापार शहरों, कस्बों व गांवों में होता है। यह किसी देश के अंदर होने वाले व्यापार से संबंधित है।


    3. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 120 शब्दों में दीजिए।
    (I) परिवहन तथा संचार के साधन किसी देश की जीवन रेखा तथा अर्थव्यवस्था क्यों कहे जाते हैं?

    उत्तर- परिवहन, संचार व व्यापार एक दूसरे के पूरक हैं। आधुनिक संचार तथा परिवहन के  साधन देश तथा आधुनिक अर्थव्यवस्था को संचालित करते हैं। परिवहन तथा संचार के साधन किसी देश की जीवन रेखा तथा अर्थव्यवस्था इसलिए कह जाते हैं क्योंकि-
    1) वस्तुओं तथा सेवाओं को उत्पादन/आपूर्ति स्थानों से मांग स्थानों तक ले जाने के लिए परिवहन की आवश्यकता होती है। 
    2) किसी देश  के विकास की गति वस्तुओं तथा सेवाओं के उत्पादन के साथ उनके एक स्थान से दूसरे स्थान तक वहन की सुविधा पर भी निर्भर होती है।
    3)  तीव्र गति वाले परिवहन तथा संचार से ही आज संसार एक बड़े गांव में परिवर्तित हो गया है। इसने हमारे जीवन को समृद्ध किया है तथा आरामदायक जीवन के लिए सुविधाओं के साधनों में बढ़ोतरी की है।
    4) परिवहन तथा संचार के साधनों से विशाल आकार होने के बावजूद देश के दूरदराज के क्षेत्रों से निरंतर जुड़ा रहता है।
    5) अंतर्राष्ट्रीय,राष्ट्रीय तथा स्थानीय व्यापार की प्रगति के लिए भी परिवहन और संचार का महत्व जगजाहिर है जो अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है।
    6) विभिन्न प्रकार के पर्यटन को बढ़ावा देने में भी परिवहन और संचार की महत्वपूर्ण भूमिका है जिससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होता है।
       इस प्रकार स्पष्ट है कि स्थल, जल, रेल तथा वायु परिवहन के साथ-साथ संचार के विभिन्न साधन जैसे समाचार पत्र, रेडियो, दूरदर्शन, सिनेमा, इंटरनेट आदि देश के सामाजिक व आर्थिक विकास में सहायक है।


    (ii) पिछले पंद्रह वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की बदलती प्रवृत्ति पर एक लेख लिखें।

    उत्तर- किसी देश के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की प्रगति उसके आर्थिक वैभव को दर्शाती है। इसलिए इसे राष्ट्र का आर्थिक बैरोमीटर भी कहा जाता है। सभी देश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर निर्भर हैं क्योंकि संसाधनों की उपलब्धता या वितरण  असमान है। भारत के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की प्रवृत्ति पर प्रकाश डालते हैं-
    1) विश्व के सभी भौगोलिक प्रदेशों तथा व्यापारिक खंडों के साथ भारत के व्यापारिक संबंध है।
    2) देश का लगभग 95% अंतर्राष्ट्रीय व्यापार(मुद्रा के रूप में 68%) समुद्री मार्गों द्वारा  होता है।
    3) देश में 12 प्रमुख तथा 200 मध्यम व छोटे पत्तन हैं। इन समुद्री पत्तनों से लगभग 95% विदेशी व्यापार संचालित होता है।
    4) भारत से निर्यात होने वाली प्रमुख वस्तुओं में रत्न एवं जवाहरात, रसायन एवं संबंधित उत्पाद तथा कृषि एवं संबंधित उत्पाद हैं।
    5) भारत में आयातित वस्तुओं में कच्चा पेट्रोलियम तथा उत्पाद, रत्न व जवाहरात, आधार धातुएँ, मशीनें, कृषि तथा अन्य उत्पाद शामिल हैं।
    6) भारत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक सॉफ्टवेयर महाशक्ति के रूप में उभरा है तथा सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से अत्यधिक विदेशी मुद्रा अर्जित कर रहा है।

    प्रश्न पहेली 


    निम्न वर्ग पहेली में क्षैतिज अथवा ऊर्ध्वाधर या तिरछे अक्षरों को जोड़ते हुए निम्न प्रश्नों के उत्तर दें।
    नोट- पहेली के उत्तर अंग्रेजी के शब्दों में है।


    1.उत्तर-दक्षिण गलियारे का उत्तरी छोर।
    2.दक्षिण रेलवे खंड का मुख्यालय।
    3. 1.676 मीटर चौड़ाई वाले रेल मार्ग का नाम।
    4.एक नदीय पत्तन
    5.उत्तरी भारत का व्यस्ततम रेलवे जंक्शन।
    SHERSHAHSURIMARG
    ARTPRNXELATADLAY
    JMMXIPORAYMPGHTX
    YCHENNAIIIKMCAIM
    ODCDALMCSOTPORCP
    APTRGSKJMJLEANER
    RAETAJPORMWMASXO
    ILSBROADGAUGELOT
    ASNLCMECUKZMAAJE
    LMUGHALSARAIBSNA
    GOETVRAYFTOREAJM
    KQAIPMNYRYAYHLIN
    QKOLKATAEUITWBEA
    NITNKDEMOURPNPJD
    पहेली के उत्तर नीचे देख सकते हैं
       प्रश्न                                                                              उत्तर 
    1.उत्तर-दक्षिण गलियारे का उत्तरी छोर। SRINAGAR
    2. दक्षिण रेलवे खंड का मुख्यालय। CHENNAI
    3. 1.676 मीटर चौड़ाई वाले रेल मार्ग का नाम। BROAD GAUGE
    4. एक नदीय पत्तन KOLKATA
    5. उत्तरी भारत का व्यस्ततम रेलवे जंक्शन। MUGHALSARAI

You cannot copy content of this page